खस्ताहाल सड़कों पर ई रिक्शा की अराजकता

[the-subtitle]

SHARE:

राकेश अचल। मुझे पता है कि हमारी संसद में ई रिक्शा को लेकर कोई बहस नहीं करने वाला, क्योंकि हमारी संसद इसके लिए बनी ही नहीं है शायद। इसीलिए ई रिक्शा के नफा-नुक्सान पर लिखने की हिमाकत कर रहा हूं। यदि आपके पास अपना वाहन नहीं है, तो यकीन है कि ये आलेख आपके मतलब का होगा।
देश के अमूमन हर शहर में ई-रिक्शा चालक ग्रीन परिवहन के नाम पर उतारे गए थे। ये ई रिक्शे उन लोगों को थमाए गए थे जो या तो तांगा, इक्का चलाते थे या हाथ रिक्शा। खटारा और धुआं उगलने वाले टेंपो का विकल्प भी समझे गए थे ये ई रिक्शे। बेआवाज ये ई रिक्शे शुरू में तो सभी को अच्छे लगे, लेकिन अब यही ई रिक्शे देश के घरेलू परिवहन के लिए अराजक हो गए हैं। पर्यावरण हितैषी परिवहन के नाम पर प्रयोग में लाए जा रहे ये ई रिक्शे यातायात को बद से बदतर बना रहे हैं। इनका न ढंग से पंजीयन हुआ, न चालकों का प्रशिक्षण। न इनके लिए स्टॉपेज बने और न मार्गों का निर्धारण किया गया। फलस्वरुप इन ई रिक्शा वालों को जहां सवारी ने हाथ दिया वहीं रिक्शा रोक दिया, चाहे पीछे से आ रहे वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो जाएं। मप्र के पुराने सामंती शहरों के राजवाड़ा, महाराजबाडा जैसे इलाकों में भले ही दो पहिया वाहन चलाने की जगह न हो, लेकिन इन्हें अपनी जगह पर वाहन खड़े करने की आजादी है। ये न यातायात के नियम जानते हैं न इनके चालकों के पास कोई नागरिकता बोध। भले ही इनके कारण वाहनों की कतार ही क्यों न लग जाए।
लगभग हर शहर में प्रशासन ने इन पर सख्ती कर ई रिक्शों के लिए रूट तय किए, रंग लगाकर पहचान देने की भी कोशिश भी की। ई रिक्शों को पालियों में भी चलाने का प्रयास किया, लेकिन सब अकारथ गया। ई रिक्शा संचालकों के विरोध के बाद ये तमाम सख्ती हवा हो गई। इतना ही नहीं प्रशासन, यातायात पुलिस व आरटीओ ने भी अपनी जिम्मेदारी से हाथ खड़े कर दिए, क्योंकि ई रिक्शा वालों के पीछे कानून के दुश्मन नेता आ खड़े हुए। अब सुविधा और पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए लाए गए ई रिक्शे सिरदर्द बन गए हैं और खामियाजा आम जनता भुगत रही है। भारत में ई-रिक्शा की संख्या लाखों में हो सकती है, जिसमें पंजीकृत और गैर पंजीकृत दोनों शामिल हैं। 2022-23 तक के आंकड़ों के आधार पर यह अनुमान लगाया जा सकता है कि कम से कम 3 लाख पंजीकृत ई-रिक्शा हैं और गैर-पंजीकृत ई-रिक्शा की संख्या कहीं अधिक हो सकती है।
शहरों में यातायात विभाग द्वारा पिछले कई वर्षों से वन-वे घोषित मार्गों पर ई-रिक्शा वाले बिना रोक टोक, बेधड़क दौड़ते हैं। यातायात पुलिस एवं पुलिस खड़ी रहती हैं। जहां पहले तांगों, टेम्पो के कारण आम लोगों को परेशानी होती थी, अब इसकी जगह ई-रिक्शा ने ले ली है। हर शहर में ई-रिक्शा के अघोषित अस्थाई स्टैंड बन गए है। इससे बार-बार ट्रैफिक जाम होता रहता है। पैदल निकलने तक की जगह नहीं रहती है। ई रिक्शा वाले परम स्वतंत्र हैं। जहां से इच्छा हुई वहीं से सवारी बैठा ली, कोई रोकने वाला नहीं है। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, घनी आबादी वाले क्षेत्र इनके अड्डे बनते जा रहे है।
सवाल ये है कि इन ई रिक्शा चालकों की अराजकता का इलाज क्या है ? मैंने दुनिया के अनेक गरीब, अमीर देश देखे हैं, लेकिन वहां ई रिक्शा यदि हैं भी तो अराजक नहीं हैं। वे नियमों का पालन करते हैं, सभ्य हैं और उनमें भरपूर नागरिकता बोध भी है, लेकिन भारत में तो ई रिक्शा समस्या का दूसरा नाम बन गए हैं।
कभी-कभी तो मुझे ई रिक्शा की धींगामुश्ती देखकर अपने पारंपरिक तांगे वाले ज्यादा बेहतर लगते हैं। मुझे तो देश में ई रिक्शा की बाढ़ के पीछे ई रिक्शा निर्माता कंपनियों और सरकारों के बीच कोई संधि भी लगती है। यदि ऐसा न होता तो जिलों के कलेक्टर, एसपी लाठी के बल पर तांगे और साइकल रिक्शे क्यों हटवाते ? हकीकत ये है कि ई रिक्शों की बाढ़ से पर्यावरण सुधरने के बजाए तेजी से बिगड़ रहा है। पर्यावरण के लिए ई रिक्शों का ई कचरा आने वाले दिनों में एक गंभीर समस्या होने वाला है, इसलिए इनका हल खोजा जाना चाहिए।
(ये लेखक के अपने विचार हैं।)

“श्री राकेश अचल जी मध्यप्रदेश के ऐसे स्वतंत्र लेखक हैं जिन्होंने 4 दशक (40 साल) तक अखबारों और टीवी चैनलों के लिए निरंतर काम किया। देश के प्रमुख हिंदी अखबार जनसत्ता, दैनिक भास्कर, नईदुनिया के अलावा एक दर्जन अन्य अखबारों में रिपोर्टर से लेकर संपादक की हैसियत से काम किया। आज तक जैसे टीवी चैनल से डेढ़ दशक (15 सालों) तक जुड़े रहे। आकाशवाणी, दूरदर्शन के लिए नियमित लेखन किया और पिछले 15 सालों से स्वतंत्र पत्रकारिता तथा लेखन कर रहे है। दुनिया के डेढ़ दर्जन से अधिक देशों की यात्रा कर चुके अचल ने यात्रा वृत्तांत, रिपोर्टज, गजल और कविता संग्रहों के अलावा उपन्यास विद्या पर अनेक पुस्तकें लिखी हैं। उन्हें अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार और सम्मान भी मिले हैं”।
Hindusta Time News
Author: Hindusta Time News

27 Years Experience Of Journlism

Leave a Comment