संसद में सवाल भी सरकारी और जवाब भी..!

[the-subtitle]

SHARE:

राकेश अचल। हमने जब लिखना-पढ़ना शुरू किया था तब संसद की कार्रवाई सजीव देखने को नहीं मिलती थी। इसके लिए या तो संसद की पत्रकार दीर्घा में बैठो या अतिथि दीर्घा में। जो दिल्ली से दूर थे उन्हे संसद समीक्षा सुनने के लिए आकाशवाणी पर रात ग्यारह बजे तक जागना पड़ता था, अन्यथा संसद की कार्रवाई की रपट अगले दिन अखबार में ही पढ़ने को मिलती थी। हमने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि आम आदमी घर बैठे टीवी पर और चलते-फिरते मोबाइल पर संसद की बहसें सुन और देख पाएगा।
आपको बता दें कि संसद के भीतर की कार्रवाई हमने पत्रकार बनने के दस साल बाद देखी। भारत में संसद की कार्यवाही का सीधा प्रसारण 20 अगस्त 1989 को शुरू हुआ। इस दिन पहली बार लोकसभा की कार्यवाही का रेडियो पर सीधा प्रसारण किया गया था। इसके बाद 25 अगस्त 1994 से लोकसभा की कार्यवाही का टेलीविजन पर सीधा प्रसारण शुरू हुआ। राज्यसभा की कार्यवाही का टेलीविजन पर सीधा प्रसारण 7 दिसंबर 1994 से शुरू हुआ। यह प्रसारण दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो के माध्यम से किया गया और बाद में लोकसभा टीवी (2006) और राज्यसभा टीवी (2011 में शुरू) जैसे समर्पित चैनलों ने इसे और व्यापक बनाया। इस हिसाब से पिछले 45 साल में हमने संसद में पहली बार देखा और सुना कि एक तो बहस सत्तापक्ष ने शुरु की और दूसरे खुद ही सवाल गढ़े और खुद ही उनके जवाब भी दे दिए। ये संसदीय इतिहास की संभवतः पहली उलटबांसी है। सरकार ने विपक्ष को बताया कि उसे कैसे सवाल करना चाहिए और कैसे नहीं ? संसद के मौजूदा मानसून सत्र में बहुचर्चित, विवादित ऑपरेशन सिंदूर पर बड़ी ना-नुकुर के बाद सरकार बहस के लिए राजी हुई, लेकिन बहस का बिस्मिल्लाह खुद सरकार ने किया। सरकार को लगा कि एक नई परंपरा शुरू कर विपक्ष के सवालों से बचा जा सकेगा, लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
आठ घंटे की बहस में सरकार खुद अपने तथ्यों से उलझ गई। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने एक प्रधानाचार्य की तरह बहस का आगाज जिस ढंग से किया उससे समझ में आ गया था कि वे जो भी बोल रहे हैं वो दिल से नहीं बोल रहे। उनसे जबरन बुलवाया जा रहा है। ठीक उसी तरह जैसे कुछ दिन पहले उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से इस्तीफा लिखवाया गया था, उस विषय पर राजनाथ अनाथ और असहाय नजर आ रहे थे। वे संसद के भीतर-बाहर उठाए जा रहे एक भी सवाल का जवाब नहीं दे पाए, उलटे वे ऑपरेशन सिंदूर में लड़ाकू विमानों के गिराए जाने के अमरीकी दावे की यह कहकर पुष्टि कर बैठे कि ‘परीक्षा में अच्छे अंक लाते समय पेंसिल टूटती है, रबर घिसती है’। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष को और देश को ही नहीं बल्कि अपनी पार्टी को भी निराश किया। भावुक राजनाथ सिंह ये सच भी कह गए कि भाजपा हो या कोई और दल हमेशा सत्ता में नहीं रह सकता, हम भी नहीं रहेंगे। रक्षामंत्री भूल गए कि मोदी-शाह की जोड़ी तो अगले पचास साल तक सत्ता छोड़ना ही नहीं चाहती। रक्षामंत्री की रसना सूख रही थी, सफेद झूठ बोलते हुए लड़खड़ा रही थी। उन्हें पानी पीकर उसे गीला करना पडा।
संसद में किसने क्या कहा ये पूरे देश ने देखा और सुना है, इसलिए हम उसकी व्याख्या नहीं करना चाहते। हम तो ये रेखांकित करने की कोशिश कर रहे हैं कि एक घबराई हुई ढीट सरकार कैसे अपने ही बिछाए जाल में उलझती चली जाती है। देश के अब तक के सबसे कमजोर विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बचाव में तो खुद देश के गृहमंत्री अमित शाह को खड़ा होना पड़ा। वे दुखी होकर बोले कि आपको देश के विदेश मंत्री पर भरोसा नहीं है ? अब शाह को कौन यकीन दिलाए कि देश का विश्वास तो खुद प्रधानमंत्री माननीय मोदी जी खो चुके हैं। यदि ऐसा न होता तो वे आज एक बैशाखियों वाली सरकार न चला रहे होते। हमने एस. जयशंकर से पहले विदेश मंत्री के रुप में एसएम कृष्णा, प्रणव मुखर्जी, डॉ. मनमोहन सिंह, नटवर सिंह, यशवंत सिन्हा, जसवंत सिंह, इंद्रकुमार गुजराल, पीवी नरसिम्हाराव, अटल बिहारी वाजपेयी को देखा है। उनसे पहले यशवंत राव चव्हाण और कर्ण सिंह का नाम सुना था, लेकिन एस. जयशंकर जैसा मिमियाने वाला विदेश मंत्री पहली बार देखा। जयशंकर ने सरकार को सदन के बाहर भी उलझाया और सदन के भीतर भी। आपको याद होगा कि इन्हीं विदेश मंत्री ने देश को बताया था कि ऑपरेशन सिंदूर शुरू करने से पहले पाकिस्तान को विधिवत इसकी इत्तला दी गई थी। ये ही विदेश मंत्री सदन में कह गए कि ऑपरेशन सिंदूर के चलते 9 मई को अमेरिका के उपराष्ट्रपति वेंस ने प्रधानमंत्री मोदी को बताया था कि पाकिस्तान भारत पर बड़ा हमला करने वाला है। इसका मतलब साफ है कि भारत सरकार की इंटेलीजेंस को कुछ पता ही नहीं था।
बहरहाल आप इस बहस के अंत में देश के प्रधानमंत्री का एक खीज भरा प्रवचन जरूर सुनेंगे, जिसमें विपक्ष के किसी प्रश्न का उत्तर नहीं होगा। माननीय प्रधानमंत्री सदन में कांग्रेस के अतीत का मुजाहिरा करेंगे, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर, सीज फायर को लेकर न ट्रंप साहब का नाम अपनी जबान पर आने देंगे और न चीन का। संसद अब झूठ कहने और झूठ सुनने के लिए अभिशप्त हो गई है। संसद में अब एक भी ऐसा सूरमा नहीं है जो देश के धमकीबाज मंत्रियों से कह पाए कि ‘चुप हो जाओ, जितनी तुम्हारी उम्र है, उससे ज्यादा हमने राजनीति की है’। अब सदन में न चंद्रशेखर हैं न लालू यादव। न मुलायम सिंह हैं न शरद यादव।
(ये लेखक के अपने विचार हैं।)

“श्री राकेश अचल जी मध्यप्रदेश के ऐसे स्वतंत्र लेखक हैं जिन्होंने 4 दशक (40 साल) तक अखबारों और टीवी चैनलों के लिए निरंतर काम किया। देश के प्रमुख हिंदी अखबार जनसत्ता, दैनिक भास्कर, नईदुनिया के अलावा एक दर्जन अन्य अखबारों में रिपोर्टर से लेकर संपादक की हैसियत से काम किया। आज तक जैसे टीवी चैनल से डेढ़ दशक (15 सालों) तक जुड़े रहे। आकाशवाणी, दूरदर्शन के लिए नियमित लेखन किया और पिछले 15 सालों से स्वतंत्र पत्रकारिता तथा लेखन कर रहे है। दुनिया के डेढ़ दर्जन से अधिक देशों की यात्रा कर चुके अचल ने यात्रा वृत्तांत, रिपोर्टज, गजल और कविता संग्रहों के अलावा उपन्यास विद्या पर अनेक पुस्तकें लिखी हैं। उन्हें अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार और सम्मान भी मिले हैं”।
Hindusta Time News
Author: Hindusta Time News

27 Years Experience Of Journlism

Leave a Comment