हिंदुस्तां टाईम न्यूज, शाजापुर। देश का बड़ा उद्योग समूह जैक्शन ग्रुप उज्जैन जिले के मक्सी फेस-2 बरंडवा औद्योगिक क्षेत्र में 8 हजार करोड़ रुपए की लागत से दो बड़े सोलर प्रोजेक्ट स्थापित करने जा रहा है। इन प्रोजेक्टों के माध्यम से 4 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। यह कदम जिले और प्रदेश के औद्योगिक विकास में विकास की नई इबारत लिखेगा।
यह जानकारी विधायक अरूण भीमावद ने मंगलवार दोपहर स्थानीय विश्राम गृह पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने बताया कि शाजापुर विधानसभा के मक्सी में 8151 करोड़ रुपए के निवेश से निर्मित होने वाले इन दोनों प्रोजेक्ट्स के माध्यम से 4100 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा, साथ ही स्थानीय व्यापारियों के व्यवसाय में भी वृद्धि होगी। भीमावद ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्पष्ट विजन है कि हर जिले में उद्योग और हर घर में रोजगार हो। इसी सोच के साथ बड़े शहरों के अलावा छोटे कस्बों में भी उद्योगों की स्थापना पर जोर दिया जा रहा है। शाजापुर विधानसभा के मक्सी में जैक्सन ग्रुप का आना मुख्यमंत्री जी की इसी नीति का परिणाम है। भीमावद ने बताया कि जैक्सन ग्रुप देश में ऊर्जा और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में एक स्थापित और प्रतिष्ठित नाम है। यह कंपनी मक्सी में दो अलग-अलग यूनिट लगाएगी। पहली यूनिट में सोलर मॉड्यूल का निर्माण होगा, जिसमें 1047 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा और करीब 1700 लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके लिए 37 एकड़ जमीन आवंटित कर दी गई है। इसी प्रकार कंपनी की दूसरी यूनिट में सोलर सेल इंगाटस और बेफर्स का उत्पादन किया जाएगा। इसमें 7105 रुपए का निवेश किया जाएगा और करीब 2400 लोगों को रोजगार मिलेगा। इस प्रोजेक्ट के लिए 73 एकड़ भूमि आवंटित कर दी गई है। एमपीआईडीसी के प्रबंध निदेशक चंद्रमौली शुक्ला ने दोनों परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन पत्र जारी कर दिए हैं।
मेडिकल कॉलेज का श्रेय पत्रकारों को
पत्रकार वार्ता में विधायक भीमावद ने ग्रीन एनर्जी पॉवर हब सहित शाजापुर विधानसभा में आगामी समय में होने वाले अन्य स्वीकृत बड़े विकास कार्यों की जानकारी भी पत्रकारों को दी। जिसमें प्रमुख रूप से मेडिकल कॉलेज का उल्लेख किया। उन्होंने शाजापुर विधानसभा में मेडिकल कॉलेज स्वीकृत होने का श्रेय स्थानीय पत्रकारों को देते हुए बताया कि शाजापुर के जागरूक पत्रकारों ने ही ज्ञापन के माध्यम से मुझसे मेडिकल कॉलेज की मांग की थी, इसलिए मैं इसका श्रेय भी पत्रकारों को ही देता हूं। इसी प्रकार भीमावद ने विधानसभा के शाजापुर और मक्सी शहर में पुराने एबी रोड़ पर बनने वाली फोर लेन सड़क, मक्सी में सिविल अस्पताल, लाहौरी ब्लडी पर स्वीकृत आलू-प्याज कृषि मंडी, शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु राशि स्वीकृत होने की जानकारी भी दी। इसी प्रकार हजारों करोड़ रुपए की जल और पेयजल परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि आने वाले कुछ ही सालों में शाजापुर विधानसभा के हर घर और हर खेत में भरपूर पानी पहुंचेगा।
अब शाजापुर में भी दिख रहा विकास : पांडे
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रवि पांडे ने कहा कि अरूण जी के 2013 से 2018 तक और वर्तमान में विधायक बनने के बाद अब मध्यप्रदेश के साथ-साथ शाजापुर विधानसभा में भी विकास दिखाई देने लगा है। उन्होंने बताया कि शाजापुर विधानसभा में मेडिकल कॉलेज, कृषि महाविद्यालय, आलू-प्याज कृषि उपज मंडी सहित हजारों करोड़ रुपए के कई बड़े प्रोजेक्ट स्वीकृत हुए हैं, जो शीघ्र ही मूर्त रूप लेकर क्षेत्रवासियों को हर क्षेत्र में फायदा पहुंचाएंगे। मक्सी में स्वीकृत 8 हजार करोड़ का ग्रीन एनर्जी हब भी इन्हीं में से एक है। शाजापुर विधानसभा भी अब शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग-रोजगार, सड़क, बिजली और पानी के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम जैन, उपाध्यक्ष संतोष जोशी, भाजपा नगर अध्यक्ष आशीष नागर, पूर्व नपा अध्यक्ष प्रदीप चंद्रवंशी, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष किरण सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष राधेश्याम गुर्जर, जगदीश पाल, शीतल भावसार, बाबूलाल हावडिया, मनोहर विश्वकर्मा, गोविंद नायक एवं शाहिद सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। पत्रकार वार्ता का संचालन व आभार पूर्व भाजपा जिला मीडिया प्रभारी उमेश टेलर ने माना।
Author: Hindusta Time News
27 Years Experience Of Journlism





