बिहार में मतदान से पहले कत्ल की रात

[the-subtitle]

SHARE:

राकेश अचल। कत्ल की रात एक मुहावरा है, कहावत है या जुमला है ? इस फेर में मत पड़िए। किसी भी परीक्षा से पहले के चौबीस घंटे कत्ल की रात में शुमार किए जाते हैं। बिहार विधानसभा की 121 सीटों के लिए 6 नवंबर से पहले की रात को इसीलिए कत्ल की रात कहा जा रहा है।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार मंगलवार शाम थम गया और उससे पहले हकीकत में एक बाहुबली दुलारचंद यादव की मोकामा में हत्या भी हो गई। मोकामा से जेडीयू के बाहुबली प्रत्याशी अनंत सिंह हत्या के आरोप में जेल भी चले गए, लेकिन जेडीयू ने रातों-रात सैकडों अनंत सिंह पैदा कर लिए। खुद केंद्रीय मंत्री लल्लन सिंह ने अनंत सिंह का वेश धर लिया है। उन्होंने फतवा जारी किया है कि 6 नवंबर को कोई भी विरोधी मतदाता मतदान के लिए घर से न निकल पाए। तय कार्यक्रम के मुताबिक 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 सीटों के लिए वोटिंग होगी। पहले चरण में मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर जिलों में वोटिंग होगी। इस चरण में 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें कई हाई प्रोफाइल सीटें भी हैं।
आपको बता दें कि पहले चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट के 16 मंत्रियों की किस्मत दांव पर है। इनमें बीजेपी कोटे से 11 और जेडीयू कोटे से 5 मंत्री शामिल हैं। भाजपा के मंत्रियों में मंगल पांडे (सीवान), नितिन नवीन (बांकीपुर), सम्राट चौधरी (तारापुर), विजय कुमार सिन्हा (लखीसराय), जीवेश मिश्रा (जाले), संजय सरावगी (दरभंगा शहरी) और सुनील कुमार (बिहार शरीफ) शामिल हैं। वहीं जेडीयू के प्रमुख मंत्रियों में विजय कुमार चौधरी (सराय रंजन), श्रवण कुमार (नालंदा), मदन सहनी (बहादुरपुर) और महेश्वर हजारी (कल्याणपुर) हैं। बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तारापुर सीट से मैदान में हैं। उनकी आरजेडी के अरुण कुमार साह से सीधी टक्कर मानी जा रही है। जन सुराज के संतोष कुमार सिंह और तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल के सुखदेव यादव भी चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं। आरजेडी की पारिवारिक सीट राघोपुर से इस बार राजद नेता तेजस्वी यादव तीसरी बार मैदान में हैं। तेजस्वी ने यहां 2015 और 2020 में भाजपा के सतीश कुमार को हराया था। एनडीए की ओर से सतीश यादव उन्हें चुनौती दे रहे हैं तो जन सुराज के चंचल कुमार भी सामने हैं।
मतदान से पहले रक्त रंजित हो चुकी मोकामा सीट पर दो बाहुबलियों की टक्कर है। एक ओर अनंत सिंह तो दूसरी तरफ आरजेडी के टिकट पर सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी हैं। अलीनगर सीट पर बीजेपी ने लोकगायिका मैथिली ठाकुर को मैदान में उतारा है। ठाकुर का यह पहला चुनाव है। उनका मुकाबला आरजेडी के विनोद मिश्रा से माना जा रहा है। बीजेपी उनकी लोकप्रियता को वोट में बदलने की कोशिश में है। छपरा सीट से मशहूर भोजपुरी गायक खेसारीलाल यादव आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। यहां उनका मुकाबला बीजेपी की छोटी कुमारी के साथ माना जा रहा है, लेकिन निर्दलीय राखी गुप्ता भी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की पूरी कोशिश कर रही हैं। बिहार के दूसरे उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से 2010 से लगातार विधायक हैं। 2020 में उन्होंने कांग्रेस के अमरेश कुमार को हराया था। इस बार भी विजय सिन्हा के सामने अमरेश कुमार मैदान में हैं। लालू यादव द्वारा पार्टी और परिवार से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप यादव महुआ से चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी टक्कर आरजेडी विधायक मुकेश रोशन से मानी जा रही है। एनडीए की ओर से एलजेपी के संजय कुमार सिंह ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।
कभी वामपंथ का गढ़ माने जाने वाली बेगूसराय सीट पर 2020 में बीजेपी ने जीत दर्ज की थी। इस बार बीजेपी के कुंदन कुमार का मुकाबला कांग्रेस की अमिता भूषण से है। मंडल युग के बाद यहां का राजनीतिक गणित बदल चुका है। पटना की शहरी बांकीपुर सीट पर बीजेपी के नितिन नवीन लगातार जीतते आ रहे है। इस बार भी पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है। उन्हें चुनौती देने के लिए आरजेडी ने रेखा गुप्ता को उतारा है। मिथिलांचल की प्रमुख सीट दरभंगा (शहर) से बीजेपी के राजस्व मंत्री संजय सरावगी मैदान में हैं। उन्हें चुनौती देने के लिए जन सुराज ने पूर्व आईपीएस आरके मिश्रा और मुकेश साहनी की पार्टी ने उमेश साहनी को उम्मीदवार बनाया है।
पहले चरण में एनडीए की ओर से जदयू के 57 उम्मीदवार, बीजेपी के 48, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 13 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 2 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं महागठबंधन की ओर से आरजेडी के 71, कांग्रेस के 24 और वाम दलों के 14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) छह-छह सीट पर, सीपीएम तीन सीटों पर और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) दो सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस चरण में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के 118 उम्मीदवार भी किस्मत आजमा रहे हैं। यदि पहले चरण के मतदान में वोट चोरी कामयाब नहीं हुई तो परिदृश्य बदल सकता है। आतंक, आशंका और नए तेवरों के साथ हो रहे ये चुनाव क्राइम, करप्शन और कम्युनिलिज्म से बिहार को मुक्ति दिलाने वाले हो सकते हैं।
(ये लेखक के अपने विचार हैं।)

“श्री राकेश अचल जी मध्यप्रदेश के ऐसे स्वतंत्र लेखक हैं जिन्होंने 4 दशक (40 साल) तक अखबारों और टीवी चैनलों के लिए निरंतर काम किया। देश के प्रमुख हिंदी अखबार जनसत्ता, दैनिक भास्कर, नईदुनिया के अलावा एक दर्जन अन्य अखबारों में रिपोर्टर से लेकर संपादक की हैसियत से काम किया। आज तक जैसे टीवी चैनल से डेढ़ दशक (15 सालों) तक जुड़े रहे। आकाशवाणी, दूरदर्शन के लिए नियमित लेखन किया और पिछले 15 सालों से स्वतंत्र पत्रकारिता तथा लेखन कर रहे है। दुनिया के डेढ़ दर्जन से अधिक देशों की यात्रा कर चुके अचल ने यात्रा वृत्तांत, रिपोर्टज, गजल और कविता संग्रहों के अलावा उपन्यास विद्या पर अनेक पुस्तकें लिखी हैं। उन्हें अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार और सम्मान भी मिले हैं”।
Hindusta Time News
Author: Hindusta Time News

27 Years Experience Of Journlism

Leave a Comment