पूर्व विधायक स्व. सिंह की 18वी पुण्यतिथि मनाई
शाजापुर। शनिवार 20 जून को जिले सहित मालवांचल की राजनीति में अपनी अलग ही पहचान बनाने वाले पूर्व विधायक एवं सहकारिता के पितृ पुरुष सर्वहारा वर्ग के नेता स्व. मनोहर सिंह जी की 18वीं पुण्यतिथि जिलेभर में श्रद्धा भाव के साथ मनाई गई। इस अवसर स्व. सिंह के शुभचिंतकों व समर्थकों ने जिले में जगह-जगह श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर उन्हें याद किया एवं सेवा कार्य कर जरूरतमंदों की मदद की।
जिला मुख्यालय स्थित अखंड आश्रम पर सुबह 11:30 बजे स्व. सिंह को विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सद्कार्यों को याद किया। इसके बाद निराश्रितों को भोजन कराया गया। स्व. सिंह के ज्येष्ठ पुत्र योगेंद्र सिंह बंटी बना ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मेरे पिताश्री के सद्कार्यों के कारण ही आज तक जिले के लोग उन्हें याद करते हैं। मै भी अपने स्व. पिता के बताए मार्ग पर चलते हुए हमेशा लोगों की निःस्वार्थ मदद करता रहूंगा। श्रद्धांजलि सभा के आयोजन हेतु उन्होंने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि मैं और मेरा परिवार सदैव आपका ऋणी रहेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी वीरेंद्र व्यास ने स्व. सिंह के साथ बिताए गए समय को याद किया और संस्मरण सुनाए। श्रद्धांजलि सभा को कमल चौधरी, विनीत वाजपेई, अफसार एहमद, कैलाशचंद्र मटोलिया, प्रतापसिंह गोहिल, शब्बीर खान, राजेश शर्मा, हेमंत आर्य सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। इस अवसर पर मांगीलाल बंजारा नेताजी, महेश बराड़ा, दिनेश नायक, शैलेंद्र सिंह पायलेट, विजेंद्र पाटीदार, मुकेश शर्मा, सतीश गुप्ता, न्याजुद्दीन पेंटर, कमरुद्दीन मेव, सावेद पठान सहित बड़ी संख्या में श्री मनोहर मानव सेवा समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। श्रद्धांजलि सभा का संचालन सीताराम सिंह पवैया ने किया।

Author: Hindusta Time News
27 Years Experience Of Journlism




