पूर्व विधायक स्व. सिंह की 76वी जयंती पर निराश्रितों को बांटी राहत, हजारों लोगों ने दी दुआएं
हिंदुस्तां टाईम न्यूज, शाजापुर। मनोहरसिंह जादौन यह केवल नाम नहीं, बल्कि वो शख्सियत है जिसे कभी कोई नहीं भूल सकता। उनके सत्कर्मों ने कई बेसहाराओं के लिए संजीवनी का काम किया है। वैसे तो पूरे जिले में उन्होंने अपनी अच्छाई की छाप छोड़ी है, लेकिन बेरछावासियों के दिलों में वे हमेशा जिंदा रहेंगे।
यह बात बेरछा मंडी में समाजसेवी एवं पूर्व जिला सहकारी संघ अध्यक्ष हाजी मुन्ना पठान ने गुलाना के पूर्व विधायक व सहकारिता पितृ पुरूष स्व. मनोहरसिंह जी की 76वीं जन्म जयंती पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मैंने जो कुछ सीखा, वह चेयरमेन साहब से ही सीखा है और आज भी बेरछा क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द्र की परंपरा कायम है।
पिता के सत्कर्मों से गौरवान्वित हूं: बंटी बना
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे स्व. सिंह के ज्येष्ठ पुत्र योगेंद्रसिंह बंटी बना ने कहा कि मेरे पिता ने सहकारिता के क्षेत्र में वो मुकाम हासिल किया है जहां कोई नहीं पहुंच सका। उनके सत्कर्मों के कारण मैं जहां भी जाता हूं लोग मुझे वही सम्मान और प्यार देते हैं। मेरे पिता के सत्कर्मों की वजह से आज जिलेवासियों का प्यार हमारे परिवार को मिल रहा है, इसलिए मैं खुद को गौरवान्वित महसूस करता हूं। कार्यक्रम को मुख्य अतिथि नटवरलाल राठी, एहसान उल्ला काजी, वरिष्ठ अभिभाषक नारायणप्रसाद पांडे, श्रमजीवी पत्रकार संघ के उज्जैन संभागीय अध्यक्ष मनोज जैन, डॉ. मनोज शर्मा, रामस्वरूप भीमावद, सुनील नाहर, शब्बीर खान जिला संघ प्रबंधक शाजापुर, हाजी मुनीम पटेल चैसला मुसलमान आदि ने भी संबोधित करते हुए स्व. सिंह के जीवन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभाषक एवं पत्रकारगण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट सईद पठान ने किया तथा आभार एडवोकेट जावेद पठान, एडवोकेट सावेद पठान ने माना।
2 हजार निराश्रितों को किया कंबलों का वितरण
सर्दी के मौसम को देखते हुए कार्यक्रम के दौरान हाजी मुन्ना पठान के नेतृत्व में क्षेत्र व आसपास की 2 हजार निराश्रित, विधवा व जरूरतमंद महिलाओं व अन्य लोगों को कंबलों का वितरण किया गया। इसके बाद सभी को सम्मान के साथ भोजन कराकर विदा किया गया।

Author: Hindusta Time News
27 Years Experience Of Journlism




