राजीव गांधी की जरा याद करो कुर्बानी…

[the-subtitle]

SHARE:

राकेश अचल। भारत में सबसे कम 40 वर्ष की उम्र में प्रधानमंत्री बने राजीव गांधी यदि जीवित होते तो आज वे 81 साल के हो जाते, लेकिन राजीव गांधी नॉन बायोलॉजिकल नहीं थे इसलिए उनकी हत्या कर दी गई। 20 अगस्त 1944 को मुंबई में जन्में राजीव गांधी बाद में देश की प्रधानमंत्री बनी श्रीमती इंदिरा गांधी के पुत्र थे। 21 मई 1991 को तमिलनाडु में तमिल आतंकियों ने उनकी नृशंस हत्या कर दी थी।
हम मानते हैं कि आज के दौर में किसी भी पूर्व प्रधानमंत्री का, खासतौर पर गांधी परिवार के सदस्य का नाम लेना राष्ट्रद्रोह है, लेकिन फिर भी हम राजीव गांधी का जिक्र कर रहे हैं क्योंकि हम किसी राजनीतिक दल के नहीं बल्कि आम आदमी के माउथपीस है। राजीव गांधी प्रधानमंत्री बनने के लिए पैदा हुए ही नहीं थे, वे तो एक भारतीय पायलट थे। जिन्हें 1984 में उनकी मां और तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भावुकता में प्रधानमंत्री बनाया गया था। राजीव गांधी ने 1989 तक भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। उन्होंने 1989 के चुनाव में अपनी हार तक पदभार संभाला और फिर लोकसभा में विपक्ष के नेता बने और अपनी हत्या से आठ महीने पहले दिसंबर 1990 में इस्तीफा दे दिया था। राजीव गांधी का विवाह 1968 में इटली की सोनिया से हुआ। राजीव गांधी के एक पुत्र राहुल गांधी और पुत्री प्रियंका हैं जो वाड्रा परिवार में ब्याही हैं। राहुल गांधी ने देशसेवा के लिए अब तक अपना घर नहीं बसाया। आपको पता ही होगा कि राजीव गांधी के पिता फिरोज गांधी भी कांग्रेस के सांसद रहे। राजीव के नाना देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू थे। राजीव गांधी की शैक्षणिक योग्यता पर कभी कोई सवाल नहीं उठाया गया, क्योंकि वे लंदन के ट्रिनिटी कॉलेज, कैम्ब्रिज और इंपीरियल कॉलेज लंदन में पढ़ने गए थे। भारत सरकार ने बाद में राजीव गांधी को देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न से अलंकृत किया था।
सब जानते हैं कि राजीव गांधी का महात्मा गांधी से कोई सीधा संबंध नहीं था। वे राजनीतिक रूप से शक्तिशाली नेहरू-गांधी परिवार से थे, जो भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी से जुड़ा था। उनके बचपन के अधिकांश समय में उनके नाना जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री थे। गांधी जी ने दून स्कूल, एक कुलीन बोर्डिंग संस्थान और फिर यूनाइटेड किंगडम में कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में शिक्षा प्राप्त की। वे 1966 में भारत लौट आए और राज्य के स्वामित्व वाली इंडियन एयरलाइंस के लिए एक पेशेवर पायलट बन गए। वे चाहते तो सांसद भी बन सकते थे, लेकिन वे राजनीति के लिए बने ही नहीं थे। 1970 के दशक के अधिकांश समय में उनकी मां प्रधानमंत्री थीं और उनके छोटे भाई संजय एक सांसद थे। वे जब तक बस चला राजनीति से दूर ही रहे। 1980 में एक विमान दुर्घटना में संजय गांधी की मृत्यु के बाद, राजीव गांधी अपनी मां के कहने पर अनिच्छा से राजनीति में आए। अगले वर्ष उन्होंने अपने भाई की अमेठी संसदीय सीट जीती और भारतीय संसद के निचले सदन लोकसभा के सदस्य बने। राजीव गांधी को उनकी मां श्रीमती इंदिरा गांधी ने बाकायदा राजनीति का प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षु राजीव गांधी को कांग्रेस पार्टी का महासचिव बनाया गया और 1982 के एशियाई खेलों के आयोजन में महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी दी गई ।
31 अक्टूबर 1984 की सुबह उनकी मां और तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी को प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया। प्रधानमंत्री बनने के कुछ दिनों बाद ही उन्हें अपने नेतृत्व की परीक्षा भी देना पड़ी, क्योंकि पूरे देश में आक्रोषित संगठित भीड़ ने सिख समुदाय के खिलाफ दंगे शुरू कर दिए थे। दंगों के बावजूद दिसंबर में जब आम चुनाव हुए तो कांग्रेस पार्टी ने आजादी के बाद का सबसे प्रचंड बहुमत हासिल किया। लोकसभा में कांग्रेस को 541 में से 414 सीटें मिलीं। आज के प्रधानमंत्री के लिए इतना प्रचंड बहुमत हासिल करना एक सपना बनकर रह गया है। वे 400 पार का लक्ष्य लेकर पिछला आम चुनाव लड़े, लेकिन 240 सीटों पर ही सिमट गए। राजीव गांधी का कार्यकाल भोपाल आपदा, बोफोर्स घोटाला और मोहम्मद अहमद खान बनाम शाह बानो बेगम जैसे विवादों में घिरा रहा। 1988 में वे उग्रवादी तमिल समूहों की नाराज़गी के शिकार बन गए, क्योंकि राजीव गांधी ने 1987 में हस्तक्षेप किया, श्रीलंका में शांति सेना भेजी जिसके परिणाम स्वरूप लिबरेशन टाइगर्स ऑफ़ तमिल ईलम के साथ खुला संघर्ष हुआ। 1989 के चुनाव में उनकी पार्टी हार गई।
राजीव गांधी ने मैदान नहीं छोड़ा, 1991 के चुनावों तक वे कांग्रेस अध्यक्ष बने रहे। चुनाव प्रचार के दौरान लिट्टे के एक आत्मघाती हमलावर ने उनकी हत्या कर दी। 1991 में भारत सरकार ने गांधी को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया। 2009 में इंडिया लीडरशिप कॉन्क्लेव में गांधी को मरणोपरांत आधुनिक भारत के क्रांतिकारी नेता का पुरस्कार प्रदान किया गया। राजीव गांधी दुस्साहसी नेता थे। 1986 में उन्होने सेशेल्स के राष्ट्रपति फ्रांस-अल्बर्ट रेने के अनुरोध पर तख्तापलट की कोशिश का विरोध करने के लिए भारत की नौसेना को सेशेल्स भेजा। भारत के हस्तक्षेप ने तख्तापलट को टाल दिया। इस मिशन को ऑपरेशन फ्लावर्स आर ब्लूमिंग नाम दिया गया था। 1987 में भारत ने ऑपरेशन राजीव जीतने के बाद भारत-पाकिस्तान सीमा के विवादित सियाचिन क्षेत्र में कायद पोस्ट पर फिर से कब्जा कर लिया। 1988 के मालदीव तख्तापलट में मालदीव के राष्ट्रपति मौमून अब्दुल गयूम ने गांधी से मदद मांगी। उन्होंने 1500 सैनिक भेजे और तख्तापलट को दबा दिया गया। संयुक्त राष्ट्र महासभा के पंद्रहवें विशेष सत्र में राजीव गांधी ने परमाणु हथियारों से मुक्त विश्व पर अपने विचार व्यक्त किए, जिसे ‘परमाणु-हथियार मुक्त और अहिंसक विश्व व्यवस्था की शुरुआत के लिए कार्य योजना’ के माध्यम से साकार किया जाना था। हम राजीव गांधी का गुणगान करने के लिए ये लेख नहीं लिख रहे हैं, हमारा मकसद आज की पीढ़ी को ये बताना है कि यदि देश को युवा नेतृत्व मिले तो कमाल भी हो सकता है।
राजीव गांधी की देशी, विदेशी नीति सफल थी या असफल इसके लिए आपको अतीत में जाना पड़ेगा। हम तो एक ही बात कह सकते हैं कि यदि राजीव गांधी की हत्या न की गई होती तो वे दोबारा सत्ता में आते और अपनी गलतियों को शायद सुधारते। राजीव गांधी वैश्विक पर्यटक नहीं थे। अहंकारी तो बिलकुल नहीं थे। उनकी हत्या से ठीक तीन दिन पहले भिंड शहर में एक चुनाव सभा के बाद हमने उनसे बातचीत की थी। वे प्रेस से भागने या बचने वाले नेता भी नहीं थे। बहरहाल उनके जन्मदिन पर उनका स्मरण करना हमें अच्छा लगा, शायद आपको भी अच्छा लगे।
(ये लेखक के अपने विचार हैं।)

“श्री राकेश अचल जी मध्यप्रदेश के ऐसे स्वतंत्र लेखक हैं जिन्होंने 4 दशक (40 साल) तक अखबारों और टीवी चैनलों के लिए निरंतर काम किया। देश के प्रमुख हिंदी अखबार जनसत्ता, दैनिक भास्कर, नईदुनिया के अलावा एक दर्जन अन्य अखबारों में रिपोर्टर से लेकर संपादक की हैसियत से काम किया। आज तक जैसे टीवी चैनल से डेढ़ दशक (15 सालों) तक जुड़े रहे। आकाशवाणी, दूरदर्शन के लिए नियमित लेखन किया और पिछले 15 सालों से स्वतंत्र पत्रकारिता तथा लेखन कर रहे है। दुनिया के डेढ़ दर्जन से अधिक देशों की यात्रा कर चुके अचल ने यात्रा वृत्तांत, रिपोर्टज, गजल और कविता संग्रहों के अलावा उपन्यास विद्या पर अनेक पुस्तकें लिखी हैं। उन्हें अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार और सम्मान भी मिले हैं”।
Hindusta Time News
Author: Hindusta Time News

27 Years Experience Of Journlism

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *