बुलडोजर का ही राज है मी लार्ड..!

[the-subtitle]

SHARE:

राकेश अचल। देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बीआर गवई भले ही ये कहते हैं कि भारतीय न्याय व्यवस्था बुलडोजर के शासन से नहीं, बल्कि कानून के शासन से संचालित होती है, लेकिन ये आधी हकीकत और आधा फसाने जैसा है। क्योंकि मुख्य न्यायाधीश की बार-बार चेतावनी के बावजूद भारत में बुलडोजर संहिता हाल ही में बनी भारतीय न्याय संहिता पर हावी है।
मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बीआर गवई पिछले 10 दिनों के अंदर दूसरी बार बुलडोजर कार्रवाई की निंदा कर चुके है। इस बार उन्होंने विदेश जाकर यह बयान दिया है। मॉरीशस में ‘सबसे बड़े लोकतंत्र में कानून का शासन’ विषय पर सर मौरिस रॉल्ट स्मृति व्याख्यान 2025 का उद्घाटन करते हुए उन्होंने ‘बुलडोजर न्याय’ की निंदा करने वाले अपने ही फैसले का उल्लेख किया। कानून के शासन का सिद्धांत और भारत के उच्चतम न्यायालय द्वारा उसकी व्यापक व्याख्या पर प्रकाश डालते हुए न्यायमूर्ति गवई ने कहा “इस फैसले ने एक स्पष्ट संदेश दिया है कि भारतीय न्याय व्यवस्था बुलडोजर के शासन से नहीं, बल्कि कानून के शासन से संचालित होती है”। जस्टिस गवई इन दिनों मॉरीशस की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं।
आपको याद दिला दें कि ‘बुलडोजर न्याय’ मामले में दिए गए फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने माना है कि कथित अपराधों को लेकर अभियुक्तों के घरों को गिराना कानूनी प्रक्रियाओं को दरकिनार करता है, कानून के शासन का उल्लंघन करता है और संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत आश्रय के मौलिक अधिकार का उल्लंघन करता है। उन्होंने कहा कि यह भी माना गया कि कार्यपालिका अन्य भूमिका नहीं निभा सकती। प्रधान न्यायाधीश ने 1973 के केशवानंद भारती मामला सहित उच्चतम न्यायालय के विभिन्न ऐतिहासिक फैसलों का उल्लेख किया। जस्टिस गवई ने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में ऐतिहासिक अन्याय के निवारण के लिए कानून बनाए गए हैं और हाशिए पर पड़े समुदायों ने अपने अधिकारों का दावा करने के लिए अक्सर इनका और कानून के शासन की भाषा का सहारा लिया है। उन्होंने कहा ‘‘राजनीतिक क्षेत्र में कानून शासन, सुशासन और सामाजिक प्रगति के मानक के रूप में कार्य करता है, जो कुशासन और अराजकता के बिल्कुल विपरीत है”।
जस्टिस गवई भले ही मारीशस में बुलडोजर न्याय पर भाषण दे रहे हैं, लेकिन यूपी के बरेली में पिछले सप्ताह जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल के बाद अब बीडीए ऐक्शन मोड में आ गया है। बवाल के दौरान तौकीर को शरण देने के आरोप में चर्चा में आए फरहत खां के फाइक इंक्लेव स्थित मकान पर कार्रवाई तय मानी जा रही है। बताया गया है कि मौलाना तौकीर ने इसी मकान में पनाह ली थी। बीडीए ने गुरुवार तक का समय देते हुए फरहत खां को मकान खाली करने का नोटिस दिया था। बीडीए सीलिंग की कार्रवाई करेगा। इसके साथ बुलडोजर भी चल सकता है। उत्तर प्रदेश सरकार सुप्रीम कोर्ट की चेतावनियों के बावजूद बुलडोजर का इस्तेमाल बंद नहीं कर रही। संभल में एक मस्जिद पर बुलडोजर चल ही चुका है। कानून के राज में बुलडोजर का वजूद मुख्य न्यायाधीश जस्टिस गवई को झूठा साबित करने की साजिश भी हो सकती है, क्योंकि उनकी मां ने आरएसएस के शताब्दी समारोह में जाने से इंकार कर दिया है। उत्तर प्रदेश की ही तरह मध्यप्रदेश सरकार को भी सुप्रीम कोर्ट की परवाह नहीं है। मप्र की राजधानी भोपाल में मछली नाम के एक मुस्लिम अपराधी की संपत्ति बुलडोजर रौंद ही रहा है। मछली पर लव जिहाद चलाने का आरोप है, लेकिन मप्र में सरकार मगरमच्छों पर बुलडोजर का इस्तेमाल नहीं करती।
भारत में बुलडोजर न्याय भाजपा की डबल इंजिन की सरकारों में बहुत ज्यादा प्रचलित है। भाजपा की सरकारें त्वरित न्याय के लिए बुलडोजर का गैर कानूनी इस्तेमाल एक समुदाय विशेष के खिलाफ धडल्ले से कर रहीं हैं और सुप्रीम कोर्ट मूक दर्शक बना है। भारत में अभी तक बुलडोजर प्रेमी किसी सरकार के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई न होने से भाजपा सरकारों की हिम्मत और बढ़ती जा रही है। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस गवई के पास बुलडोजर संहिता के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए गिने चुने दिन बचे हैं। अगले महीने 23 नवंबर 2025 को वे सेवानिवृत्त हो जाएंगे। अब देखना ये है कि जस्टिस बीआर गवई कोई नजीर बनाते हैं या फिर अपने पूर्ववर्ती मुख्य न्यायाधीशों की तरह हार मानकर बैठ जाएंगे।
(ये लेखक के अपने विचार हैं।)

“श्री राकेश अचल जी मध्यप्रदेश के ऐसे स्वतंत्र लेखक हैं जिन्होंने 4 दशक (40 साल) तक अखबारों और टीवी चैनलों के लिए निरंतर काम किया। देश के प्रमुख हिंदी अखबार जनसत्ता, दैनिक भास्कर, नईदुनिया के अलावा एक दर्जन अन्य अखबारों में रिपोर्टर से लेकर संपादक की हैसियत से काम किया। आज तक जैसे टीवी चैनल से डेढ़ दशक (15 सालों) तक जुड़े रहे। आकाशवाणी, दूरदर्शन के लिए नियमित लेखन किया और पिछले 15 सालों से स्वतंत्र पत्रकारिता तथा लेखन कर रहे है। दुनिया के डेढ़ दर्जन से अधिक देशों की यात्रा कर चुके अचल ने यात्रा वृत्तांत, रिपोर्टज, गजल और कविता संग्रहों के अलावा उपन्यास विद्या पर अनेक पुस्तकें लिखी हैं। उन्हें अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार और सम्मान भी मिले हैं”।
Hindusta Time News
Author: Hindusta Time News

27 Years Experience Of Journlism

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *