जानलेवा कफ सिरप मध्यप्रदेश आया कैसे ?

[the-subtitle]

SHARE:

राकेश अचल। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में ‘जानलेवा’ कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत के मामले में मप्र सरकार सिर्फ लकीर पीट रही है, लेकिन इस हादसे के लिए जो लोग असली दोषी हैं उन्हे बचाने की कोशिश की जा रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि मौत के कफ सिरप को आखिर मध्यप्रदेश में खरीदने और बेचने की इजाजत किसने दी ?
पुलिस ने श्रीसन फार्मास्युटिकल कंपनी के फरार मालिकों पर इनाम घोषित कर दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी में मदद करने वालों को 20 हजार रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा। इसके साथ ही श्रीसन फार्मा कंपनी के फरार मालिकों की गिरफ्तारी के लिए विशेष एसआईटी टीम भी गठित की गई है। छिंदवाड़ा जोन के पुलिस उप महानिरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति दवा निर्माता कंपनी के फरार आरोपियों की जानकारी देगा या उनकी गिरफ्तारी में मदद करेगा उसे 20,000 का नकद इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि उनके राज्य में 20 बच्चों की मौत दूषित कफ सिरप पीने से हुई और इसके लिए तमिलनाडु सरकार की गंभीर लापरवाही जिम्मेदार है।
पटेल ने कहा कि यह तमिलनाडु सरकार की ज़िम्मेदारी थी कि राज्य से बाहर भेजी जाने वाली दवाओं की जांच करे। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार भी राज्य में आने वाली दवाओं की रैंडम जांच करती है, लेकिन यह सिरप संयोगवश जांच से छूट गया। जबकि हकीकत यह है कि प्रदेश में किसी भी दवा को मेडिकल स्टोर तक रखवाने से लेकर डॉक्टरों तक इसका प्रचार करने के लिए दवा कंपनियों का अपना तंत्र होता है। यही दवाएं सरकारी अस्पतालों के लिए खरीदी जाती हैं, लेकिन मध्यप्रदेश सरकार इस हकीकत को छिपाने की कोशिश कर रही है। इस मामले में दवा लिखने वाले डॉक्टर की गिरफ्तारी भी जनता की आंखों में धूल झोंकने की एक कोशिश भर है। पटेल ने कहा कि हर दवा के बैच के लिए आवश्यक प्रमाण पत्र जारी होना चाहिए। तमिलनाडु सरकार ने कहां गलती की ? प्रमाण पत्र जारी हुआ था या नहीं ? कौन अधिकारी जिम्मेदार है, यह जांच का विषय है। ऐसी जहरीली दवाएं राज्य से बाहर कैसे गईं ये गंभीर लापरवाही है, लेकिन उनकी नजर में ये गंभीर मामला नहीं है कि मध्यप्रदेश में इस दवा की बिक्री की इजाजत किसने दी ?
आपको याद दिला दें कि कफ सिरप ‘कोल्ड्रिफ’ कांचीपुरम जिले की एक दवा कंपनी द्वारा बनाया गया था। तमिलनाडु के खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग ने 4 अक्टूबर को कहा था कि कंपनी की सुंगुवरचत्रम स्थित यूनिट से लिए गए सैंपल मिलावटी पाए गए। इसके बाद उत्पादन रोकने के आदेश जारी किए गए। सवाल ये है कि क्या मध्यप्रदेश में किसी भी प्रदेश से बनी दवा बिना जांच पड़ताल के खरीदी और बेची जा सकती है। कौन सी दवा जीवन रक्षक है और कौन सी जानलेवा इसका पता कैसे चलेगा ? कोई भी डॉक्टर जान बूझकर जानलेवा दवा अपने मरीज को नहीं दे सकता। कोई मेडीकल स्टोर भी जानलेवा दवा बेचकर अपना धंधा चौपट नहीं कर सकता। मतलब दवा निर्माता भी ये नहीं जानते होंगे कि वे जो कफ सीरप बना रहे हैं वो जानलेवा साबित होगा।
बहरहाल इस तरह की घटनाओं की पुनरावृति न हो इसके लिए इस मामले की जड़ तक जाना जरूरी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी कर सकती है, रसायनों का विश्लेषण नहीं। सरकार को ऐसी व्यवस्था बनाना होगी ताकि प्रदेश में बिक्री के लिए आने वाली हर दवा की जांच और प्रमाणीकरण किया जा सके। कफ सीरप के मामले में मारे गए बच्चों के परिजनों के नुकसान की भरपाई असंभव है, लेकिन आरोपियों को सजा दिलाकर पीड़ितों का दुख कम जरूर किया जा सकता है।
(ये लेखक के अपने विचार हैं।)

“श्री राकेश अचल जी मध्यप्रदेश के ऐसे स्वतंत्र लेखक हैं जिन्होंने 4 दशक (40 साल) तक अखबारों और टीवी चैनलों के लिए निरंतर काम किया। देश के प्रमुख हिंदी अखबार जनसत्ता, दैनिक भास्कर, नईदुनिया के अलावा एक दर्जन अन्य अखबारों में रिपोर्टर से लेकर संपादक की हैसियत से काम किया। आज तक जैसे टीवी चैनल से डेढ़ दशक (15 सालों) तक जुड़े रहे। आकाशवाणी, दूरदर्शन के लिए नियमित लेखन किया और पिछले 15 सालों से स्वतंत्र पत्रकारिता तथा लेखन कर रहे है। दुनिया के डेढ़ दर्जन से अधिक देशों की यात्रा कर चुके अचल ने यात्रा वृत्तांत, रिपोर्टज, गजल और कविता संग्रहों के अलावा उपन्यास विद्या पर अनेक पुस्तकें लिखी हैं। उन्हें अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार और सम्मान भी मिले हैं”।
Hindusta Time News
Author: Hindusta Time News

27 Years Experience Of Journlism

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *